Last Updated:
Groww Share Price- ग्रो के शेयरों में तेजी का यह सिलसिला पिछले तीन सत्रों से लगातार जारी है. पिछले ट्रेडिंग सेशन में भी इस शेयर ने करीब 12% की छलांग लगाई थी. अब जेफरीज के ग्रो शेयर को खरीदने की सलाह देने के बाद इसमें जोरदार उछाल आया है. क्या टारगेट प्राइस? जानिए
पिछले कारोबारी सत्र में भी इस शेयर ने करीब 12% की छलांग लगाई थी.
नई दिल्ली. फिनटेक दिग्गज ग्रो (Groww) के शेयरों आज भी जोरदार तेजी नजर आ रही है. यह लगातार तीसरा ट्रेडिंग सेशन है जिसमें ग्रो शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहा है. विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) द्वारा इस स्टॉक को ‘बाय’ रेटिंग देने के बाद आज दलाल स्ट्रीट पर आज यह 6.5% उछल गया. लिस्टिंग के बाद से अब तक इस शेयर में करीब 72% की तेज बढ़त आ चुकी है. ग्रो की पैरेंट कंपनी, बिलियनब्रेंस गैरेज वेंचर्स पिछले महीने बाजार में लिस्ट हुई थी. ग्रो का ₹6,632 करोड़ का आईपीओ बाजार में जबरदस्त हिट रहा था और यह इश्यू कुल 18 गुना सब्सक्राइब हुआ था.
वैश्विक ब्रोकरेज हाउस जेफरीज ने ग्रो के शेयरों पर अपनी कवरेज शुरू करते हुए इसे ‘थम्ब्स अप’ (Thumbs Up) रेटिंग दी है. ब्रोकरेज ने स्टॉक के लिए ₹180 का टारगेट प्राइस (Target Price) निर्धारित किया है. यह लक्ष्य शुक्रवार की क्लोजिंग कीमत से लगभग 12% ज्यादा है. जेफरीज का मानना है कि इस फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी के पास विकास के कई मजबूत इंजन (Growth Levers) मौजूद हैं. ब्रोकरेज के अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 से 2028 (FY26–FY28) के दौरान कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) में करीब 35% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) देखी जा सकती है.
आईपीओ प्राइस से 72% ऊपर पहुंचा शेयर
ग्रो के शेयरों में तेजी का यह सिलसिला पिछले तीन सत्रों से लगातार जारी है. गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में भी इस शेयर ने करीब 12% की छलांग लगाई थी. आंकड़ों पर नजर डालें तो यह स्टॉक अपने ₹100 के इश्यू प्राइस से करीब 72% ऊपर ट्रेड कर रहा है. निवेशकों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि शेयर अब अपने लिस्टिंग प्राइस के दोगुने स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है.
लिस्टिंग से अब तक का सफर
ग्रो के शेयरों ने शेयर बाजार में अपनी शुरुआत ही धमाके के साथ की थी. एनएसई (NSE) पर यह ₹112 पर लिस्ट हुआ, जो आईपीओ कीमत पर 12% का प्रीमियम था. वहीं बीएसई (BSE) पर इसकी ओपनिंग ₹114 रही. लिस्टिंग के शुरुआती 5-6 दिनों में ही शेयर ने रॉकेट जैसी रफ़्तार पकड़ी और 18 नवंबर 2025 को ₹193.80 के ऑल-टाइम हाई स्तर को छू लिया. इस शिखर पर पहुंचने के बाद मुनाफावसूली (Profit Booking) देखने को मिली, जिससे शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 26% नीचे आ गया. दिसंबर 2025 के दौरान स्टॉक ने एक सीमित दायरे (Consolidation Zone) में कारोबार किया है और यह ₹140 से ₹165 के बीच घूमता रहा.
ग्रो शेयर का 52-वीक हाई ₹193.80 है, जबकि इसका 52-वीक लो ₹112 है, जो इसके लिस्टिंग के दिन का शुरुआती भाव था. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल ब्रोकिंग सेक्टर में बढ़ती पैठ और युवाओं के बीच निवेश के बढ़ते चलन का फायदा सीधे तौर पर ग्रो जैसी कंपनियों को मिल रहा है. जेफरीज की हालिया रिपोर्ट ने इस भरोसे को और पुख्ता कर दिया है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)


