—Advertisement—

22 रुपये का शेयर पहुंचा 1400 के पार, ₹1 लाख के बने ₹64 लाख, क्‍या आपके पास है ये मल्‍टीबैगर स्‍टॉक

Author Picture
Published On: March 17, 2026

—Advertisement—

Last Updated:

Multibagger Stock: शेयर बाजार में निवेश जोखिम और अवसर का एक अनोखा संगम है. सही समय पर सही शेयर में लगाया पैसा आपकी किस्‍मत बदल सकता है. अक्सर रिटेल निवेशक अल्पकालिक मुनाफे के पीछे भागते हैं. लेकिन, पैसा वो छापते हैं जो अच्‍छे बिजनेस मॉडल वाली कंपनी के शेयर में लॉन्‍ग टर्म के लिए निवेश करते हैं. लंबे समय में निवेशकों को मालामाल करने वाला ऐसे ही एक मल्‍टीबैगर शेयर के बारे में आज हम आपको बताएंगे.

यह मल्‍टीबैगर शेयर है, नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज (Network People Services Technologies) का. इस शेयर ने पिछले चार वर्षों में ही छप्पर फाड़ रिटर्न दिया है. अगर किसी निवेशक ने चार साल पहले इसमें ₹1 लाख लगाए होते और निवेश बनाए रखा होता, तो आज उसकी वैल्यू करीब ₹64.5 लाख हो चुकी होती. शुक्रवार को यह शेयर 1400 रुपये पर बंद हुआ.

डिजिटल बैंकिंग और पेमेंट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज कंपनी के शेयर ने जनवरी 2022 से लेकर अगस्त 2024 के बीच जो रैली दिखाई, उसने दलाल स्ट्रीट के दिग्गजों को भी हैरान कर दिया. इस ढाई साल की छोटी सी अवधि में शेयर ने लगभग एकतरफा तेजी दिखाते हुए करीब 16,270% का अविश्वसनीय रिटर्न दिया था.

इस मल्टीबैगर स्टॉक ने लगातार 26 महीनों तक ‘पॉजिटिव क्लोजिंग’ देकर बाजार में अपनी मजबूती का लोहा मनवाया. दिसंबर 2022 में जहां इस शेयर ने केवल एक महीने के भीतर 90% की मासिक छलांग लगाई थी, वहीं जुलाई 2024 में इसमें 65% से अधिक की तेजी देखी गई, जिससे कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर ₹2,917 करोड़ के पार पहुंच गया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज शेयर पिछले चार वर्षों में से तीन साल तक लगातार मल्टीबैगर बना रहा. साल 2022 में इसने 201% की बढ़त दर्ज की, जबकि 2023 में यह रॉकेट बनकर 1012% तक उछल गया और 2024 में भी 226% का शानदार रिटर्न दिया. हालांकि, साल 2025 में इसमें 47% की बड़ी गिरावट भी आई.

नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज में केवल बड़े संस्थागत निवेशक ही नहीं, बल्कि छोटे और रिटेल निवेशकों का भी अटूट भरोसा देखने को मिलता है. सितंबर तिमाही के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कंपनी में रिटेल निवेशकों की कुल हिस्सेदारी लगभग 29.7% के करीब दर्ज की गई है. इसमें करीब 26 लाख ऐसे छोटे निवेशक शामिल हैं, जिनका व्यक्तिगत निवेश ₹2 लाख तक है.

नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज डिजिटल पेमेंट और पहचान के एकीकरण (Integration) की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है. हाल ही में नेटवर्क पीपल सर्विसेज ने ‘इन्फिनिटी इन्फोवे लिमिटेड’ (Infinity Infoway Ltd) के साथ एक रणनीतिक साझेदारी का ऐलान किया है. इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य डिजिटल पहचान को सीधे ईआरपी (ERP) प्लेटफॉर्म के साथ जोड़ना है, जिससे लेनदेन की प्रक्रिया और अधिक सरल और सुरक्षित बनाई जा सके.

इस नई तकनीक के माध्यम से कंपनी स्टूडेंट आईडी, कर्मचारी पहचान पत्र और यहां तक कि ड्राइवर आईडी को भी एक ‘प्रीपेड पेमेंट टूल’ में बदलने की तैयारी कर रही है. इससे शिक्षण संस्थानों और कॉर्पोरेट ऑफिसों में पहचान पत्र के जरिए ही भुगतान करना संभव हो सकेगा, जो कंपनी के रेवेन्यू मॉडल को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा.

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शेयर के प्रदर्शन के आधार पर है. चूंकि स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिम के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह जरूर लें. आपको होने वाले किसी भी नुकसान के लिए News18 हिंदी जिम्मेदार नहीं होगा.)

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Related News
Home
Facebook
Telegram
X