डाला, सोनभद्र:
नगर पंचायत Dala बाजार पर्वतीय के वार्ड संख्या दो स्थित Hanuman Temple परिसर में रविवार दोपहर मलीन बस्ती के निवासियों ने राबर्ट्सगंज सदर विधायक Bhupesh Chaubey को ज्ञापन सौंपकर लगभग 60 वर्षों से बसे 500 घरों को उजाड़े जाने की आशंका पर चिंता जताई।
बस्तीवासियों ने विधायक को बताया कि नगर पंचायत डाला बाजार पर्वतीय के वार्ड संख्या दो और तीन को मलीन बस्ती के नाम से जाना जाता है, जहाँ लगभग 60 वर्षों से लोग झुग्गी-झोपड़ी, कच्चे एवं पक्के मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। इस क्षेत्र में लगभग 500 घर और करीब 3000 लोगों की आबादी निवासरत है। कई परिवारों के पास पुराने भूलेख दस्तावेज भी मौजूद हैं, जिनके आधार पर वे वर्षों से यहाँ रह रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 1965-66 के दौरान State Cement Corporation Limited की नींव रखी गई थी। आरोप है कि उसी समय गाटा संख्या 113 और 179, जो वर्तमान में मलीन बस्ती के नाम से जानी जाती है, को अभिलेखीय हेरफेर कर कंपनी के नाम दर्ज कर दिया गया।
बस्तीवासियों ने बताया कि बाद में फैक्ट्री बंद होने के दौरान हुए आंदोलन में 2 जून 1991 को पुलिस कार्रवाई में एक छात्र और आठ कर्मचारियों की मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में आर्थिक संकट गहरा गया, लोगों की रोज़ी-रोटी प्रभावित हुई और अनेक परिवार बदहाली में जीवन बिताने लगे।

वर्ष 2006 में Allahabad High Court के लिक्विडेटर द्वारा फैक्ट्री की नीलामी की गई, जिसे Jaypee Group ने खरीदा। इसके बाद कर्मचारियों के आवास खाली कराए गए और मलीन बस्ती के लोगों को भी हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। बस्तीवासियों ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अभिलेखीय विवाद के कारण फैसला उनके पक्ष में नहीं आ सका।
बाद में वर्ष 2016 में UltraTech Cement द्वारा फैक्ट्री खरीदे जाने के बाद पुनः वर्ष 2012 के न्यायालय आदेश का हवाला देकर बस्ती खाली कराने की चर्चा शुरू हुई। निवासियों का कहना है कि वे संविधान और दीर्घकालिक निवास अधिकारों के आधार पर अपने आवास पर अधिकार रखते हैं।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक Bhupesh Chaubey ने आश्वासन दिया कि यह मामला पहले भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जा चुका है और अब पुनः ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जो जहां बसा है, वह वहीं रहेगा, किसी को हटने नहीं दिया जाएगा। इसकी लड़ाई हम सब मिलकर लड़ेंगे।”
इस अवसर पर लक्ष्मण कुशवाहा, ओमप्रकाश तिवारी, संतोष कुमार, बबलू, दीपक दुबे, संदीप सिंह पटेल, धीरेंद्र प्रताप सिंह, मंगला प्रसाद जायसवाल, पारसनाथ यादव, पूनम देवी, उमेश मेहता, रामप्रवेश, मेमता, नागेंद्र पासवान, अवनीश देव पांडेय, बबूदर पाठक, हरिश्चंद्र सिंह, रफीक वारसी, जगत यादव, सुदर्शन पांडेय, मदन अग्रहरि, पिंटू साहनी, विजय जायसवाल सहित सैकड़ों बस्तीवासी उपस्थित रहे।

