महिला से छेड़छाड़ व मारपीट का मामला तूल पकड़ा, होमगार्ड पर गंभीर आरोप,एससी/एसटी एक्ट सहित मुकदमा दर्ज
विंढ़मगंज/सोनभद्र
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला से मारपीट का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। पत्नी को अश्लील शब्द कहे जाने के विरोध से शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब विंढ़मगंज थाने में तैनात होमगार्ड ब्रिज बिहारी यादव पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपने बेटे व अन्य लोगों को उकसाने का गंभीर आरोप लगा।पीड़ित पक्ष के अनुसार, महिला पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध उसके पति द्वारा किया गया था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि इसी दौरान होमगार्ड ब्रिज बिहारी यादव ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपने बेटे त्रिपुरेश यादव तथा उसके साथियों धीरज यादव, गुड्डू यादव और दो अन्य को मारपीट के लिए ललकारा। उकसावे के बाद मामला मारपीट में तब्दील हो गया।पीड़ितों का आरोप है कि होमगार्ड ने यह कहते हुए दबदबा बनाने का भी प्रयास किया कि “थाने का कोई भी मामला होगा, मैं देख लूंगा”। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच के उपरांत एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
