विंढमगंज में सन जुबली कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, पत्रकार एकादश ने व्यापारी एकादश को हराया |
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान पर आज सन जुबली कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबला पत्रकार एकादश एवं व्यापारी एकादश के बीच खेला गया। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति–अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने फीता काटकर किया।शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों को खेल-खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल से शरीर, मन और मस्तिष्क स्वस्थ रहते हैं तथा आपसी सद्भावना और भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार स्वाभाविक है, हारने वाले खिलाड़ियों को कभी भी अपना मनोबल नहीं गिराना चाहिए, क्योंकि एक की हार से ही दूसरे की जीत संभव होती है।

मैच में टॉस जीतकर पत्रकार एकादश के कप्तान प्रभात कुमार ने क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया और व्यापारी एकादश को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। व्यापारी एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में 113 रन बनाए। टीम की ओर से रवि रंजन पटेल ने दो चौके और छह छक्कों की मदद से 36 रन तथा टुन्नू रावत ने 21 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर 4 गेंद में ही 118 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रियांशु गुप्ता ने 29 गेंदों पर छह छक्के और छह चौकों की मदद से 70 रनों की विस्फोटक पारी खेली। रवि सिंह ने एक छक्का व एक चौका लगाकर 26 रन, राजा ने दो चौकों की मदद से 11 रन बनाए, जबकि कप्तान प्रभात कुमार ने 5 रन बनाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रियांशु गुप्ता को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।इस अवसर पर अनुसूचित जाति– जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, भाजपा महामंत्री संजय गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी,राजेश रावत, अशोक जायसवाल, दीपक गुप्ता, सुरेंद्र पासवान, सरजू प्रसाद, ओपी यादव सहित सन जुबली कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट के अध्यक्ष विनोद सिंह गोंड, उपाध्यक्ष मनीष मद्धेशिया (युवा मोर्चा), कोषाध्यक्ष शिवम मद्धेशिया एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।


