मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में भारी अनियमितता
इंडियन बैंक कचनरवा शाखा की कार्यशैली से सैकड़ों लाभार्थी परेशान, जिला प्रशासन से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग

कचनरवा/सोनभद्र।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना कचनरवा क्षेत्र में गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। आरोप है कि इंडियन बैंक, कचनरवा शाखा के शाखा प्रबंधक एवं बैंक कर्मियों की मनमानी के चलते योजना का लाभ पात्र युवाओं तक नहीं पहुंच पा रहा है।
स्थानीय लाभार्थियों का कहना है कि उन्होंने योजना के अंतर्गत सभी आवश्यक दस्तावेज, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, गारंटर एवं अन्य औपचारिकताएं समय से पूरी कीं, इसके बावजूद बैंक द्वारा बिना किसी ठोस कारण के आवेदन रिजेक्ट कर दिए जा रहे हैं। कई मामलों में लाभार्थियों को बार-बार बैंक बुलाकर अपमानित किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि बैंक प्रशासन द्वारा जानबूझकर सरकारी योजना को विफल करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं में गहरा रोष है। युवा उद्यमी बनने का सपना देख रहे लोग आज निराशा और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
यह भी गंभीर आरोप है कि बैंक स्तर पर किसी प्रकार की लिखित आपत्ति या कमी का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया जाता, जिससे लाभार्थी अपनी कमियों को सुधार भी नहीं पा रहे हैं। इससे यह संदेह और गहराता जा रहा है कि बैंक में पारदर्शिता का पूरी तरह अभाव है।
लाभार्थियों ने जिलाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र, लीड बैंक मैनेजर एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि इंडियन बैंक कचनरवा शाखा की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर से गंभीर कार्रवाई की जाए।
लाभार्थियों का स्पष्ट कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रशासन द्वारा इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय नहीं दिया गया, तो वे मजबूरन मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल, उच्च बैंक अधिकारियों एवं मीडिया के माध्यम से बड़े स्तर पर आवाज उठाने को बाध्य होंगे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस गंभीर प्रकरण को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक पीड़ित युवाओं को न्याय मिलता है l


