संवाददाता- उमेश कुमार भारती -(छत्तरपुर/पलामू/झारखण्ड)–डिजिटल भारत न्यूज 24×7 LIVE

छतरपुर (पलामू)। झारखंड सरकार द्वारा संचालित “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत रविवार को छतरपुर प्रखंड के रुदवा पंचायत में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। प्राप्त आवेदनों में विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाएं, जाति–आय–आवासीय प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, राशन कार्ड, दाखिल–खारिज, तथा भूमि नापी से जुड़े मामले शामिल रहे।
साथ ही बाल विकास परियोजना की ओर से अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर 5 पेंशन स्वीकृत की गईं, जिनमें अमोला देवी, कामेश्वर राम सहित अन्य लाभुक शामिल रहे। शिविर में जरूरतमंदों के बीच धोती–साड़ी का वितरण किया गया और कई लोगों को लेबर कार्ड ऑन द स्पॉट भी उपलब्ध कराया गया।
मईया सम्मान योजना में महिलाओं की उदासीनता*
शिविर के दौरान मईया सम्मान योजना को लेकर महिलाओं में उदासीनता देखी गई। दर्जनों महिलाएँ फॉर्म लेकर वापस लौट गईं। उनका कहना था कि पोर्टल नहीं खुलने की वजह से वे आवेदन जमा नहीं कर पा रही हैं। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि वे शिविरों में चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, कार्य नहीं हो पा रहा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू एवं बीस सूत्री अध्यक्ष गोपाल सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निपटारा झारखंड सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के तहत निर्धारित अवधि में किया जाएगा, ताकि लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
शिविर में मुखिया सिमरन कुमारी, समाजसेवी चुनमुन उर्फ अरविंद गुप्ता, पंचायत सेवक रॉकी कुमार, रोजगार सेवक दिलीप पांडे, उप मुखिया रविंद्र यादव, पंचायत समिति मुनि कुमारी, बीएफटी रंजीत कुमार, ममता कुमारी, अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।










