Last Updated:
महज 4 साल की उम्र में गाना शुरू करने वाली पलक मुच्छलने 9 साल में अपना पहला एल्बम रिलीज कर सबको चौंका दिया था. आज वही पलक अपनी आवाज से लाखों दिलों पर राज कर रही हैं और हजारों बच्चों की जिंदगी बचाकर एक मिसाल बन चुकी हैं.
सिंगिंग के जरिए जमाई इंडस्ट्री में धाक
नई दिल्ली. पलक मुच्छल आज संगीत की दुनिया का एक बड़ा नाम बन चुकी हैं, लेकिन उनकी कहानी बहुत छोटी उम्र से शुरू हुई थी. 30 मार्च 1992 को मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मीं पलक एक मिडिल क्लास परिवार से आती हैं. उनके घर में शुरू से ही संगीत का माहौल था. उनकी मां अमृता मुच्छल और पिता राजकुमार मुच्छल ने हमेशा उन्हें सपोर्ट किया. उनके भाई पलाश मुच्छल भी म्यूजिक से जुड़े हुए हैं.
पलक ने सिर्फ 4 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था. बचपन से ही उनकी आवाज में एक अलग मिठास थी, जो लोगों को तुरंत पसंद आ जाती थी. उन्होंने क्लासिकल म्यूजिक की ट्रेनिंग ली और छोटी उम्र में ही स्टेज पर परफॉर्म करना शुरू कर दिया.
9 साल की उम्र में किया पहला एल्बम
सबसे खास बात ये रही कि महज 9 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला एल्बम ‘चाइल्ड फॉर चिल्ड्रन’ रिलीज कर दिया. इस एल्बम ने उन्हें एक अलग पहचान दिला दी और साबित कर दिया कि टैलेंट उम्र का मोहताज नहीं होता.इसके बाद पलक ने कई एल्बम और गाने किए, जिनमें ‘पलकें’, ‘आओ तुम्हें चांद पर ले जाएं’, ‘बेटी हूं महाकाल की’ और ‘दिल के लिए’ जैसे नाम शामिल हैं. धीरे-धीरे उनकी पहचान और मजबूत होती गई.
कई हिट फिल्मों में गाए गाने
बॉलीवुड में उनकी एंट्री तब हुई जब सलमान खान ने उनके टैलेंट को पहचाना. साल 2011 में फिल्म ‘दमादम’ से उन्होंने डेब्यू किया. इसके बाद ‘एक था टाइगर’ के ‘लापता’ गाने से उन्हें काफी पहचान मिली. फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. ‘आशिकी 2’, ‘गब्बर इज बैक’, ‘सनम रे’ और ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी फिल्मों में उनके गाए गाने सुपरहिट साबित हुए.
बता दें कि पलक सिर्फ सिंगिंग तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वह समाज सेवा के लिए भी जानी जाती हैं. उन्होंने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा दिल के मरीज बच्चों के इलाज में लगाया है. अब तक वह 2000 से ज्यादा बच्चों की सर्जरी में मदद कर चुकी हैं. उनके इस नेक काम के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है.आज पलक मुच्छल सिर्फ अपनी आवाज से ही नहीं, बल्कि अपने काम और इंसानियत के लिए भी लोगों के दिलों पर राज कर रही हैं.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें


