Last Updated:
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी एक्ट्रेस लीना मारिया की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर ली है. लीना के वकील ने तर्क दिया कि उनके और सुकेश के संबंध ठीक नहीं हैं और उन्हें सुकेश के क्रिमिनल सिंडिकेट की कोई जानकारी नहीं थी. वहीं, दिल्ली पुलिस ने लीना को इस अपराध की ‘मास्टरमाइंड’ बताते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया. पुलिस का कहना है कि लीना उगाही के पैसों का लेन-देन मैनेज करती थीं. कोर्ट इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपना अंतिम फैसला 4 अप्रैल को सुनाएगा.
लीना मारिया की जमानत याचिका पर अगली सुनाई 4 अप्रैल को. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में उसकी पत्नी और एक्ट्रेस लीना मारिया की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में गरमागरम बहस हुई. मंगलवार 31 मार्च को सुनवाई में लीना की तरफ से कोर्ट में कई हैरान करने वाले दावे किए गए. उनके वकील ने दलील दी कि लीना का सुकेश के साथ रिश्ता लंबे समय से ठीक नहीं चल रहा है और सुकेश के एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिज के साथ संबंधों की बात भी कोर्ट के सामने रखी गई. बचाव पक्ष का कहना था कि लीना खुद एक मशहूर और अवॉर्ड विजेता एक्ट्रेस हैं, जिनका अपना एक वजूद है. उन्होंने दावा किया कि लीना को सुकेश के काले कारनामों या उसके चलाए जा रहे किसी भी सिंडिकेट की रत्ती भर भी जानकारी नहीं थी और समाज में उनकी अच्छी इमेज को देखते हुए उन्हें जमानत मिलनी चाहिए.
दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियों ने लीना की जमानत का विरोध करते हुए उन्हें इस पूरे खेल की ‘मास्टरमाइंड’ करार दिया. पुलिस ने कोर्ट को बताया कि लीना सिर्फ सुकेश की पत्नी नहीं थीं, बल्कि वह उसके ‘ऑर्गेनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट’ में बराबर की हिस्सेदार थीं. जांच के मुताबिक, उगाही के करोड़ों रुपयों के लेन-देन को मैनेज करना और उस पैसे को ठिकाने लगाने (मनी लॉन्ड्रिंग) का जिम्मा उन्हीं के पास था. पुलिस का कहना है कि यह गिरोह डरा-धमकाकर पैसे वसूलता था और लीना इस पूरे नेटवर्क को चलाने में अहम भूमिका निभाती थीं. सितंबर 2021 में गिरफ्तारी के बाद से ही लीना जेल में हैं और उन पर मकोका (MCOCA) जैसी सख्त धाराएं भी लगी हुई हैं.
4 अप्रैल को जमानत याचिका पर अंतिम सुनवाई
अब सबकी निगाहें 4 अप्रैल पर टिकी हैं, जब दिल्ली हाईकोर्ट इस हाई-प्रोफाइल जमानत याचिका पर अपना अंतिम फैसला सुनाएगा. सुकेश चंद्रशेखर और लीना मारिया दोनों ही पिछले काफी समय से जेल की सलाखों के पीछे हैं और उनके वकील लगातार उन्हें इस केस से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. लीना के वकील ने यह भी भरोसा दिलाया है कि वे एक जानी-मानी शख्सियत हैं और उनके देश छोड़कर भागने का कोई खतरा नहीं है. हालांकि, एजेंसियों का मानना है कि अगर उन्हें बाहर आने दिया गया तो वे सबूतों और गवाहों पर असर डाल सकती हैं. अब देखना होगा कि कोर्ट लीना के दावों को मानता है या पुलिस की ‘मास्टरमाइंड’ वाली थ्योरी को.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


