Last Updated:
हनुमान जयंती के मौके पर हम आपको उन एक्टर्स के बारे में बताएंगे, जिन्होंने पर्दे पर बजरंगबली का किरदार निभाया था. लिस्ट में सबसे ऊपर दारा सिंह का नाम है, जिनकी ‘रामायण’ वाली इमेज आज भी घर-घर में पूजी जाती है. उनके अलावा, फिल्म आदिपुरुष फेम देवदत्त नागे, दानिश अख्तर सैफी, राज प्रेमी और निर्भय वाधवा जैसे कलाकारों ने अपनी कद-काठी और अभिनय से दर्शकों का दिल जीता. विंदू दारा सिंह ने भी हनुमान का रोल निभाया है. एकाग्र द्विवेदी और इशांत भानुशाली जैसे चाइल्ड आर्टिस्टों ने भी बाल हनुमान का रोल निभाया था.
कई सितारे हनुमान का रोल निभाकर अमर बन गए.
नई दिल्ली: हनुमान जयंती के इस खास मौके पर पर्दे के उन सितारों को याद करना जरूरी लगता है जिन्होंने ‘बजरंगबली’ के किरदार को अमर बना दिया. इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम दिवंगत दारा सिंह का है. उन्होंने 1976 की फिल्म ‘बजरंगबली’ और फिर रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान हनुमान का जीवंत रोल निभाया था कि लोग उन्हें सचमुच भगवान मानने लगे थे. उनकी 6 फुट की कद-काठी और भारी-भरकम शरीर इस भूमिका के लिए एकदम सटीक था. उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए उनके बेटे विंदू दारा सिंह ने भी ‘जय वीर हनुमान’ में यह जिम्मेदारी निभाई. वहीं, मराठी अभिनेता देवदत्त नागे ने पैन-इंडिया फिल्म ‘आदिपुरुष’ में हनुमान का किरदार निभाकर नए दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई, जहां उनके संयमित अभिनय की काफी चर्चा हुई.
सिर्फ बड़े पर्दे पर ही नहीं, बल्कि टीवी की दुनिया में भी कई कलाकारों ने संकट मोचन बनकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई. 1997 के मशहूर शो ‘जय हनुमान’ में क्रिकेटर से एक्टर बने राज प्रेमी ने हनुमान का लीड रोल किया था, जिसे लोग आज भी याद करते हैं. इसी तरह, रेसलर दानिश अख्तर सैफी ने ‘सिया के राम’ में अपनी मस्कुलर बॉडी और सादगी से दर्शकों का दिल जीता. दिलचस्प बात यह है कि वह निजी जिंदगी में भी भगवान हनुमान के बड़े भक्त हैं. निर्भय वाधवा का नाम भी इस लिस्ट में खास है, जो ‘संकट मोचन महाबली हनुमान’ और नए शो ‘श्रीमद रामायण’ में बार-बार इस पवित्र भूमिका के लिए चुने गए. निर्भय खुद मानते हैं कि यह बजरंगबली का ही आशीर्वाद है कि उन्हें यह मौका बार-बार मिलता है.
बाल कलाकार भी बने बाल हनुमान
बजरंगबली के बचपन की शरारतों और उनकी मासूमियत को पर्दे पर उतारने में बाल कलाकारों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी. मात्र 6 साल की उम्र में एकाग्र द्विवेदी ने ‘कहत हनुमान जय श्री राम’ में अपनी क्यूटनेस से सबका मन मोह लिया था. वहीं, इशांत भानुशाली ने भी बहुत छोटी उम्र में ‘संकट मोचन महाबली हनुमान’ में बाल हनुमान का ऐसा दमदार रोल किया कि लोग उनके मुरीद हो गए थे. चाहे दारा सिंह जैसा ठहराव हो या इन नन्हे बच्चों की मासूमियत, इन सभी सितारों ने अपनी मेहनत और भक्ति से रामायण की इस गाथा को हर पीढ़ी के दिल तक पहुंचाया है. हनुमान जयंती पर इन सभी कलाकारों का योगदान वाकई काबिल-ए-तारीफ है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


