Last Updated:
बंगाली एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने एक्टर राहुल बनर्जी की डूबने से हुई दुखद मौत पर सौरव गांगुली के बयान की तीखी आलोचना की है. सौरव गांगुली ने यह पूछकर विवाद खड़ा कर दिया था कि राहुल शूटिंग के लिए पानी में गए ही क्यों? स्वास्तिका ने इसे असंवेदनशील बताते हुए कहा कि एक मशहूर शख्सियत को अपने बयान पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने तर्क दिया कि सौरव गांगुली जैसे सितारों को एसी फ्लोर पर हर सुविधा मिलती है, इसलिए वे आम कलाकारों के जोखिम भरे जमीनी स्ट्रगल को नहीं समझ पा रहे.
सौरव गांगुली की बयान से फैंस हैरान.
नई दिल्ली: बंगाली एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली के उस बयान पर तीखी आपत्ति जताई है, जो उन्होंने एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की दुखद मौत के बाद दिया था. राहुल की मौत 29 मार्च को ओडिशा में एक टीवी सीरियल की शूटिंग के दौरान डूबने से हुई थी. इस घटना पर रिएक्शन देते हुए सौरव गांगुली ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि वे यह नहीं समझ पा रहे कि राहुल आखिर पानी में गए ही क्यों. स्वास्तिका ने इस कमेंट को संवेदनहीन बताते हुए सवाल किया कि सौरव गांगुली जैसे कद के व्यक्ति को अपनी भाषा और शब्दों के चुनाव में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी. किसी के निधन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर इस तरह का तर्क देना बेहद अफसोसजनक है.
स्वास्तिका ने एक इंटरव्यू के दौरान सौरव गांगुली के काम करने के तरीके और एक आम कलाकार के स्ट्रगल के बीच के अंतर को साफ किया. उन्होंने कहा कि सौरव गांगुली एक बड़े स्टार हैं और वे अक्सर एसी स्टूडियो में शूटिंग करते हैं, जहां उन्हें हर सुख-सुविधा आसानी से मिल जाती है. उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं है कि बाहरी लोकेशंस पर काम करने वाले कलाकारों को किन हालातों का सामना करना पड़ता है. स्वास्तिका का मानना है कि अगर राहुल पानी में नहीं जाते, तो उनकी जगह कोई और कलाकार जाता क्योंकि यह उनके काम की डिमांड थी. किसी के प्रोफेशन या मजबूरी को कमतर आंकना और यह पूछना कि वह वहां गया ही क्यों, उस शख्स के काम और उसकी मेहनत का अपमान है.
सौरव गांगुली ने फैंस को किया हैरान
एक्ट्रेस ने जोर देकर कहा कि पब्लिक लाइफ जीने वाले लोगों को यह समझना चाहिए कि उनके बयानों का समाज और पीड़ित परिवार पर क्या असर पड़ता है. उन्होंने सौरव गांगुली के लहजे को तिरस्कार भरा बताया और कहा कि हर कोई अपनी आजीविका के लिए स्ट्रगल करता है. स्वास्तिका के अनुसार, सिर्फ इसलिए कि कोई बहुत बड़ा नाम है, उसे यह अधिकार नहीं मिल जाता कि वह दूसरों के काम की जरूरतों को खारिज कर दे. सौरव गांगुली ने पहले तो राहुल की मौत को दुखद बताया था, लेकिन उसके तुरंत बाद उनके तर्कपूर्ण सवाल ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और राहुल के फैंस को हैरान कर दिया है. स्वास्तिका का यह बेबाक अंदाज अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर रहा है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


