सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
सोनभद्र (करमा): ग्राम पंचायत ख़ुटहानिया में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लक्ष्मी गणेश आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह केंद्र क्लस्टर स्तरीय संघ के सहयोग से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ-साथ उजागर प्रेरणा स्कूल संघ सरंगा की सदस्याओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस अवसर पर प्रियंका पाण्डेय (अध्यक्ष), अनीता देवी (सचिव), आराधना मौर्या (कोषाध्यक्ष), गीता देवी (अध्यक्ष, उजागर प्रेरणा स्कूल संघ सरंगा), प्रियंका सिंह (कोषाध्यक्ष) एवं मधुरिका (सचिव) मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

इसके अलावा कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही, जिनमें जगदीश कुमार (मिशन प्रबंधक, करमा विकासखंड), ई. प्रकाश पाण्डेय (संस्थापक, तेजस्वी संगठन न्यास), कन्हैयालाल (पूर्व ग्राम प्रधान), संतोष सिंह (पंचायत मित्र), सीता देवी (समूह सखी) एवं बेचू प्रसाद (प्रशिक्षण मास्टर) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगा। सिलाई एवं कढ़ाई जैसे हुनर के माध्यम से महिलाएं घर बैठे आय अर्जित कर सकेंगी, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम में सविता देवी, चिन्ता देवी, सरोज कुमारी, विद्यावती देवी, कौशल्या कुमारी, सरोज देवी, कमलावती देवी, अंजना कुमारी, पूजा कुमारी, निर्मला देवी, जानकी देवी सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


