सशक्त नारी एवं साइबर क्राइम जागरूकता अभियान का आयोजन
सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा में महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “सशक्त नारी, समृद्ध समाज” एवं साइबर क्राइम जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विंढमगंज थाना पुलिस टीम द्वारा किया गया, जिसमें सब इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार (दीवान), अखंड यादव तथा सपना मौर्या की सक्रिय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी आदि से बचने के तरीके विस्तार से समझाए गए। महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें और बिना सत्यापन के किसी भी लिंक या कॉल पर भरोसा न करें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान तारा देवी सहित ब्यूटी कुमारी, अंकिता कुमारी, ज्योति कुमारी एवं काजल कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। पुरुषों में प्रधान प्रतिनिधि संजय प्रसाद गुप्ता, राहुल कुमार एवं विकास कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर सहयोग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सशक्त बनाना था, ताकि वे समाज में आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें। पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।












