Last Updated:
बॉलीवुड की दुनिया में प्यार और प्रतिशोध की कहानियों का हमेशा बोलबाला रहा है. दर्शकों को वो फिल्में सबसे ज्यादा रोमांचित करती हैं, जहां हीरो अपनी दुनिया उजड़ने के बाद बदला लेने के लिए निकल पड़ता है. इन 4 फिल्मों में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जहां फिल्म की शुरुआत में ही विलेन, हीरोइन की बेरहमी से हत्या कर देता है. प्रेमिका या पत्नी को खोने का यह दर्द पर्दे पर खूनी खेल में बदल गया और हीरो ने एक-एक कर दुश्मनों को मौत के घाट उतारा. बदले की इसी आग ने सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ जुटा दी और बॉक्स ऑफिस पर नोटों की ऐसी बारिश हुई कि ये फिल्में इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गईं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड फिल्मों में प्यार और बदले की कहानियां हमेशा से दर्शकों की पसंदीदा रही हैं. खासकर जब कहानी में हीरो अपने प्यार या पत्नी को खो देता है, तो उसका प्रतिशोध पर्दे पर एक अलग ही रोमांच पैदा करता है. विलेन के हाथों हीरोइन की मौत और फिर हीरो का काल बनकर टूटना, दर्शकों के भीतर सहानुभूति और गुस्से का ऐसा मिश्रण पैदा करता है, जिसे बड़े पर्दे पर देखना काफी प्रभावशाली होता है. आज हम आपको ऐसी ही बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताते हैं, जिनकी बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई हुई है.

एक विलेन: इस फिल्म में गुरु (सिद्धार्थ मल्होत्रा) एक खूंखार अपराधी होता है जो आयशा (श्रद्धा कपूर) के प्यार में सुधर जाता है. लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है, जब साइको किलर राकेश (रितेश देशमुख) आयशा की बेरहमी से हत्या कर देता है. अपनी खुशियां छिन जाने के बाद गुरु पूरी तरह टूट जाता है और फिर शुरू होता है मौत का खूनी खेल, जहां वह विलेन को तड़पा-तड़पा कर अपना बदला लेता है.

साल 2014 में यह फिल्म रिलीज हुई थी. इस मूवी के सारे गाने सुपरहिट साबित हुए थे. बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, भारत में एक विलेन फिल्म ने 105 करोड़ का नेट बिजनेस किया था और दुनियाभर में फिल्म की टोटल कमाई 169 करोड़ हुई थी. बॉक्स ऑफिस पर यह मूवी बड़ी कामयाब रही.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गजिनी: संजय सिंघानिया (आमिर खान) एक बड़ा बिजनेसमैन है जिसे कल्पना (असिन) से प्यार हो जाता है. विलेन गजिनी और उसके गुंडे कल्पना की हत्या कर देते हैं और संजय के सिर पर गहरे चोट लगने से उसे शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस हो जाता है. हर 15 मिनट में सब भूल जाने के बावजूद संजय अपने शरीर पर टैटू बनवाकर अपनी प्रेमिका की मौत का बदला लेने के लिए निकलता है और अंत में गजिनी का खात्मा करता है.

आमिर खान की यह फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी और यह पहली बॉलीवुड मूवी है, जिसने भारत में 100 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. फिल्म का डायरेक्शन एआर मुरुगदास ने किया था. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘गजनी’ ने भारत में 114 करोड़ का नेट बिजनेस किया और दुनियाभर में नेट कमाई 189 करोड़ रुपये हुई थी.

काबिल: यह एक अंधे कपल रोहन (ऋतिक रोशन) और सुप्रिया (यामी गौतम) की कहानी है. सत्ता के नशे में चूर विलेन सुप्रिया के साथ दुष्कर्म कता है, जिससे तंग आकर वह आत्महत्या कर लेती है. नेत्रहीन होने के बावजूद रोहन हार नहीं मानता. वह अपनी बुद्धिमानी और हुनर का इस्तेमाल कर एक-एक करके सभी दोषियों को मौत के घाट उतार देता है और अपनी पत्नी को न्याय दिलाता है.

इस फिल्म में ऋतिक रोशन की परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हुई थी, वहीं, यामी गौतम ने भी अपनी एक्टिंग से दिल जीत लिया था. फिल्म का डायरेक्शन संजय गुप्ता ने किया था. बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, ऋतिक रोशन और यामी गौतम की फिल्म ने दुनियाभर में 208 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.

बदलापुर: वरुण धवन ने इस फिल्म में राघवन का किरदार निभाया है, जिसकी पत्नी और बच्चा एक बैंक डकैती के दौरान मारे जाते हैं. अपराधी लायक (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) जेल चला जाता है, लेकिन राघव के मन में बदले की आग शांत नहीं होती. वह 15 साल तक इंतजार करता है और बाहर आने पर नायक से ज्यादा खलनायक की तरह व्यवहार करते हुए अपना बदला पूरा करता है. यह फिल्म दिखाती है कि बदला इंसान को कितना बदल सकता है.

क्राइम थ्रिलर फिल्म बदलापुर में वरुण धवन की सीरियस एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई थी. इस फिल्म का डायरेक्शन श्रीराम राघवन ने किया था. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 81.31 करोड़ की कमाई के साथ यह मूवी बड़ी हिट साबित हुई थी.


