नई दिल्ली. आज भी ज्यादातर लोग अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर भरोसा करते हैं. लेकिन सच तो यह है कि FD पर मिलने वाला ब्याज अब उतना आकर्षक नहीं रहा. ऐसे में कई लोग ज्यादा मुनाफे के चक्कर में जोखिम भरी जगहों पर पैसा लगा देते हैं. अच्छी खबर यह है कि ऐसी सरकारी स्कीमें मौजूद हैं, जो न सिर्फ बैंक FD से ज्यादा रिटर्न देती हैं, बल्कि आपका पैसा भी 100% सुरक्षित रखती हैं. आइए जानते हैं कुछ बेहतरीन ऑप्शन के बारे में-
सुकन्या समृद्धि योजना
बेटियों के भविष्य के लिए यह सबसे लोकप्रिय सरकारी योजनाओं में से एक है. इस योजना के जरिए बेटी की पढ़ाई या शादी के लिए बड़ा फंड बनाया जा सकता है. इसमें 8.20% की दर से ब्याज मिल रहा है.
सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS)
यह योजना खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाई गई है. इसमें बैंक FD से ज्यादा ब्याज मिलता है और हर तिमाही ब्याज का भुगतान होता है. यहां भी सरकार 8.20% सालाना ब्याज दे रही है.
आरबीआई फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स (RBI FRSB)
अगर आप बहुत लंबे समय तक इंतजार नहीं करना चाहते, तो यह आपके लिए बेस्ट है. इसमें ब्याज दर फिलहाल 8.05% तक है, जो समय-समय पर बदलती रहती है. आप इसे आसानी से ‘RBI Retail’ ऐप के जरिए खरीद सकते हैं. यह बैंक FD जैसा ही सुरक्षित है, बस मुनाफा थोड़ा ज्यादा है.
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS)
यह सरकार की एक शानदार रिटायरमेंट स्कीम है. इसमें आपका पैसा बॉन्ड्स और शेयर बाजार में लगाया जाता है, जिससे लंबी अवधि में 8% तक का रिटर्न मिल सकता है. 60 साल की उम्र के बाद यह आपकी पेंशन का सहारा बनती है. खास बात यह है कि इसमें आपको टैक्स में भी अच्छी छूट मिलती है.
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC)
अगर आप 5 साल के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट एक बढ़िया चुनाव है. इसमें 7.70% की दर से ब्याज मिलता है. सबसे अच्छी बात यह है कि आप मात्र 1,000 रुपये से इसकी शुरुआत कर सकते हैं और इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स भी बचा सकते हैं.
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)
पब्लिक प्रोविडेंट फंड लंबी अवधि की सबसे लोकप्रिय बचत योजनाओं में से एक है. इसमें फिलहाल करीब 7.10% सालाना ब्याज मिलता है. यह योजना 15 साल की होती है और इसमें निवेश पर टैक्स छूट भी मिलती है. लंबे समय में कंपाउंडिंग के कारण अच्छा फंड तैयार हो सकता है.
किसान विकास पत्र (KVP)
किसान विकास पत्र में निवेश की गई राशि 115 महीने में दोगुनी हो जाती है. आपका पैसा दोगुना करने वाली इस स्कीम में 7.5% का ब्याज मिल रहा है.


