—Advertisement—

‘विवादित गाने सबसे ज्यादा सुनते हैं लोग’, जीशु सेनगुप्ता की बेबाक राय, ऐसे सॉन्ग्स की पॉपुलैरिटी की बताई वजह

Author Picture
Published On: March 31, 2026

—Advertisement—

नई दिल्ली. बंगाली सिनेमा के दिग्गज एक्टर जीशु सेनगुप्ता ने विवादित गानों पर छिड़ी बहस को लेकर अपनी बेबाक राय जाहिर की. एक खास इंटरव्यू में उन्होंने इंडस्ट्री के दोहरे रवैये पर उंगली उठाते हुए कहा कि जिन गानों को लेकर सबसे ज्यादा विरोध और बवाल होता है, असल में लोग उन्हें ही सबसे ज्यादा सुनते हैं. जीशु का मानना है कि विवाद ही इन गानों को सुर्खियों में लाता है और यही इनकी पॉपुलैरिटी का सबसे बड़ा राज भी है. उनके मुताबिक, विरोध के बावजूद जनता की दिलचस्पी ही ऐसे गानों को हिट बनाती है, जिसे नकारा नहीं जा सकता.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में विवादित गानों को लेकर जीशु सेनगुप्ता ने कहा, ‘आप गीतकारों या क्रिएटर्स को दोष नहीं दे सकते, क्योंकि लोग खुद इन गानों को सुन रहे हैं. जो गाने विवाद खड़े करते हैं, वहीं, सबसे ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाते हैं. अगर आपको ये गाने पसंद नहीं हैं, तो मत सुनिए.’ उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री में हर तरह का कंटेंट मौजूद है. हमारे पास गुलजार साहब और जावेद अख्तर जैसे दिग्गज भी हैं. आप क्या सुनना चाहते हैं, यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है. जो पसंद है, वही सुनिए.’

नकारात्मकता से दूर रहना पसंद करते हैं जीशु सेनगुप्ता

जीशु सेनगुप्ता ने यह भी बताया कि वे खुद नकारात्मकता से दूर रहना पसंद करते हैं. उन्होंने ने कहा, ‘मैं चाहूं तो इस मुद्दे पर कुछ ऐसा कह सकता हूं जिससे विवाद बढ़े, लेकिन मैं ऐसा नहीं करना चाहता. पहले से ही हमारे आसपास काफी नकारात्मकता है, उसे और क्यों बढ़ाया जाए? मैं एक सकारात्मक इंसान हूं और मुझे गुलजार साहब और जावेद साहब के गाने सुनना पसंद है.’

इंडियन सिनेमा में हैं कई शानदार गीतकार

उन्होंने भारतीय सिनेमा की विविधता का भी जिक्र किया. जीशु ने कहा कि सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि मराठी, पंजाबी, साउथ और बंगाली इंडस्ट्री में भी कई शानदार गीतकार हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर की तुलना किसी से नहीं की जा सकती. मैं गुलजार साहब या जावेद साहब की भी किसी से तुलना नहीं करूंगा. जीशु सेनगुप्ता ने साफ कहा कि ट्रेंड्स को तय करने की ताकत दर्शकों के हाथ में है. क्रिएटर्स वही बनाएंगे जो उन्हें आता है, लेकिन अगर लोग उसे देखना और सुनना बंद कर दें, तो वह खुद खत्म हो जाएगा.

‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे जीशु सेनगुप्ता

जीशु अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर काफी उत्साहित हैं. इस फिल्म में अक्षय कुमार, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म में दिग्गज अभिनेता असरानी भी दिखाई देंगे, जिनका 84 वर्ष की आयु में 20 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया था.

Related News
Home
Facebook
Telegram
X