विंढमगंज में चोरी करते दो नाबालिग पकड़े गए, नशे की लत बनी वजह
विंढमगंज। कोने मोड़ के मुख्य चौराहे पर सोमवार देर रात लगभग 11:30 बजे दो नाबालिग लड़कों को चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों की उम्र क्रमशः लगभग 15 वर्ष और 10 वर्ष बताई जा रही है। यह घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय व्यापारी श्री संतोष शर्मा की दुकान में संदिग्ध गतिविधि देखी गई।

बताया जा रहा है कि ये दोनों लड़के लगातार तीसरी बार उसी दुकान में चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। पहले भी दो बार चोरी की घटना को अंजाम दे चुके थे, लेकिन इस बार स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण पकड़ लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दोनों को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे “सुलेशन” (नशे का एक प्रकार) के आदी हैं और नशा करने के लिए पैसे की जरूरत पड़ती है। पैसों की कमी के कारण वे चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
इस घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, खासकर नाबालिगों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और बच्चों को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।


