Last Updated:
एसएस राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की कहानी लीक होने से सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है. लीक जानकारी के अनुसार, महेश बाबू एक शिव भक्त की भूमिका में हैं, जो ब्रह्मांडीय शक्ति की खोज में निकलता है, लेकिन अंततः उसे एक खतरनाक मास्टरमाइंड की साजिश का पता चलता है. करीब 1300 करोड़ रुपये के विशाल बजट वाली इस फिल्म को कहानी के विस्तार के कारण दो हिस्सों में रिलीज किया जा सकता है. फिल्म के लिए हैदराबाद में वाराणसी का भव्य सेट बनाया गया है. प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन अभिनीत यह फिल्म अप्रैल 2027 में रिलीज होगी.
‘वाराणसी’ में शिव भक्त बने हैं महेश मांजरेकर.
नई दिल्ली: एसएस राजामौली की अगली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सिनेमा जगत में जबरदस्त हलचल मची हुई है. हाल में फिल्म की कहानी ऑनलाइन लीक होने की खबरें आ रही हैं, जिसने फैंस का रोमांच को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. बताया जा रहा है कि फिल्म से जुड़ी एक वीएफएक्स कंपनी ने गलती से कहानी का एक छोटा सा हिस्सा शेयर कर दिया है, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. इस सिनॉप्सिस के मुताबिक, फिल्म में महेश बाबू एक ‘शिव भक्त’ के किरदार में नजर आएंगे, जो समय की सीमाओं को लांघकर एक ऐसी प्राचीन ब्रह्मांडीय शक्ति की तलाश में निकलता है जो सदियों से रहस्य बनी हुई है. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब उसे पता चलता है कि जिस मिशन पर वह निकला है, उसके पीछे एक खतरनाक मास्टरमाइंड का हाथ है जो दुनिया पर राज करना चाहता है.
फिल्म के स्केल और कहानी की गहराई को देखते हुए अब यह चर्चा भी तेज है कि ‘वाराणसी’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जा सकता है. सूत्र बताते हैं कि एसएस राजामौली को लगता है कि तीन घंटे का समय भी इस एपिक जैसी कहानी को पूरी तरह पर्दे पर उतारने के लिए कम पड़ेगा. ठीक ‘बाहुबली’ की तरह, राजामौली इस बार भी दर्शकों को एक लंबा और भव्य सिनेमाई अनुभव देना चाहते हैं, ताकि कहानी के हर पहलू और प्राचीन रहस्यों को विस्तार से दिखाया जा सके. फिल्म का बजट करीब 1000 से 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्मों की लिस्ट में सबसे ऊपर खड़ा कर देता है. दो पार्ट में फिल्म लाने का फैसला न केवल कहानी के साथ न्याय करेगा, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी नया इतिहास रच सकता है.
‘वाराणसी’ को 2027 में रिलीज करने की योजना
दिलचस्प बात है कि फिल्म का नाम ‘वाराणसी’ होने के बावजूद इसकी ज्यादातर शूटिंग असली बनारस में न होकर हैदराबाद में बने एक विशाल सेट पर हो रही है. मेकर्स ने वहां रत्नेश्वर महादेव मंदिर की एक ऐसी नकल तैयार की है जिसे देखकर असली और नकली में फर्क करना मुश्किल है. कहानी के फ्लैशबैक और मौजूदा सीन्स को शूट करने के लिए पानी में डूबे हुए मंदिरों के भव्य ढांचे बनाए गए हैं. हैदराबाद के अलावा फिल्म की शूटिंग ओडिशा और केन्या की खूबसूरत लोकेशंस पर भी की गई है. प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारों से सजी यह फिल्म अप्रैल 2027 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगी. तब तक फैंस के लिए महेश बाबू और इस ‘मास्टरमाइंड’ की भिड़ंत के बारे में सोचना ही किसी रोमांच से कम नहीं है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


