—Advertisement—

,

रेलवे ट्रैक पर युवक की दर्दनाक मौत से सनसनी, पहचान न होने से बढ़ी रहस्य की गुत्थी

Author Picture
By Prem Chand Writer
Published On: March 29, 2026

—Advertisement—

🔴 रेलवे ट्रैक पर युवक की दर्दनाक मौत से सनसनी, पहचान न होने से बढ़ी रहस्य की गुत्थी

सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम पंचायत सलैयाडिह के बियारी बस्ती के समीप रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि यह हादसा रेलवे अंडरपास के पास अप लाइन के पोल संख्या 57/29 के नजदीक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक किसी पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की पहचान कर पाना मुश्किल हो गया।

मृतक के पहनावे के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने नीले धारीदार लुंगी, सफेद शर्ट और उसके ऊपर काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही सलैयाडिह के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि किंशू सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और हरनाकछार के प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी मौके पर पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना पाकर रेलवे जीआरपी और विंढमगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दी जा रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

Prem Chand
Writer

"क्षेत्रीय संवाददाता – प्रेम चंद 📍 विण्ढमगंज, तहसील दुद्धी | जनपद सोनभद्र (उ.प्र.)" (1) रघुवंशी वाइसहब – प्रिंट मीडिया (2) डिजिटल भारत न्यूज़ – डिजिटल मीडिया… Read More

Home
Facebook
Telegram
X