Last Updated:
अमेरिका का एफ-15ई स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट 1988 में वायुसेना में शामिल हुआ था. यह एक मल्टी-रोल फाइटर जेट है. यह हवा में लड़ने के साथ जमीन पर भी बम गिराता है. इसमें एपीजी-70 (APG-70) माडर्न रडार सिस्टम लगा हुआ है. यह रडार हवा और जमीन दोनों टारगेट्स को एक साथ ट्रैक करता है. यह जेट किसी भी मौसम में उड़ान भरने में पूरी तरह सक्षम है.
ईरान के अमेरिकी फाइटर जेट एफ-15ई को मार गिराया है. (फाइल फोटो)
वॉशिंगटन. ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराया है. उसके इस दावे के बाद दुनिया का ध्यान एक बार फिर अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल पर केंद्रित हो गया है. यह विमान अमेरिकी वायुसेना के सबसे भरोसेमंद और बहु-भूमिका वाले फाइटर जेट्स में गिना जाता है. यूएस एयरफोर्स की आधिकारिक वेबसाइट ‘एएफडॉटएमआईएल’ ने इस पर प्रकाश भी डाला है.
एफ-15ई स्ट्राइक ईगल को 1988 में पहली बार सेवा में शामिल किया गया था. इसे खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हवा में दुश्मन के विमानों से लड़ने के साथ-साथ जमीन पर मौजूद ठिकानों पर भी सटीक हमला कर सके. यह दो सदस्यीय क्रू – एक पायलट और एक वेपन सिस्टम ऑफिसर – के साथ संचालित होता है. दावा है कि इस वजह से ही जटिल मिशन को बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकता है.
यह लड़ाकू विमान हर मौसम और दिन-रात किसी भी समय उड़ान भरने में सक्षम है. इसमें लगे अत्याधुनिक एवियोनिक्स और रडार सिस्टम इसे लंबी दूरी से लक्ष्य पहचानने और उन पर सटीक हमला करने की क्षमता देते हैं. इसका एपीजी-70 रडार सिस्टम हवा और जमीन दोनों तरह के लक्ष्यों को ट्रैक कर सकता है, जिससे यह एक साथ कई तरह के खतरों से निपट सकता है.
एफ-15ई की एक बड़ी खासियत इसका एलएएनटीआईआरएन (लो-एल्टीट्यूड नेविगेशन एंड टारगेटिंग इंफ्रारेड) सिस्टम है, जो इसे बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भरने और रात या खराब मौसम में भी सटीक हमले करने में सक्षम बनाता है. यह सिस्टम पायलट को जमीन के बेहद करीब सुरक्षित उड़ान भरने में मदद करता है.
प्रदर्शन के मामले में भी यह विमान बेहद शक्तिशाली है. इसकी अधिकतम गति लगभग 1,875 मील प्रति घंटा (मैक 2.5 से अधिक) है और यह करीब 60,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है. इसकी लंबी रेंज और भारी हथियार ले जाने की क्षमता इसे गहरे तक दुश्मन के इलाके में जाकर हमला करने के लिए उपयुक्त बनाती है.
हथियारों की बात करें तो इसमें 20 मिमी की आंतरिक तोप (गन) के अलावा एम-9 साइडवाइंडर और एम-120 अमराम जैसी हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगाई जा सकती हैं. इसके साथ ही यह विभिन्न प्रकार के प्रिसिजन गाइडेड और पारंपरिक बम भी ले जा सकता है.
इस विमान का निर्माण अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी बोइंग ने किया है. शुरुआती दौर में इसकी कीमत करीब 31 मिलियन डॉलर थी, जो आधुनिक अपग्रेड के साथ बढ़कर करीब 100 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है. यूएस एयरफोर्स के अनुसार, अपनी लंबी दूरी, भारी पेलोड और खुद की सुरक्षा करते हुए मिशन पूरा करने की क्षमता के कारण एफ-15ई स्ट्राइक ईगल अमेरिकी वायुसेना की ताकत है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें


