Last Updated:
अगर आप अपनी जमीन से लंबी अवधि में बंपर रिटर्न चाहते हैं, तो महोगनी की खेती एक बेहतरीन विकल्प है. इसके पेड़ की लकड़ी और बीज दोनों ही महंगे दामों पर बिकते हैं, जिससे 12 से 15 वर्षों में करोड़ों की कमाई की जा सकती है. यह पेड़ न केवल फर्नीचर उद्योग बल्कि दवा और कॉस्मेटिक कंपनियों की भी पहली पसंद है.
नई दिल्ली. पारंपरिक खेती और शेयर बाजार के बीच एक ऐसा रास्ता भी है जहां जोखिम कम और मुनाफा करोड़ों में है. हम बात कर रहे हैं वानिकी यानी कमर्शियल ट्री प्लांटेशन की, जिसे आज के दौर में ‘ग्रीन इन्वेस्टमेंट’ कहा जा रहा है. अगर आपके पास थोड़ी भी खाली जमीन है, तो वहां सही किस्म के पेड़ लगाकर आप आने वाले कुछ वर्षों में अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ा बैंक बैलेंस तैयार कर सकते हैं.
जमीन की हरियाली और जेब की मजबूती का यह मेल न केवल पर्यावरण के लिए अच्छा है, बल्कि यह भविष्य की महंगाई को मात देने वाला एक ठोस जरिया भी है. वैसे तो कई तरह के पेड़ मुनाफे का सौदा होते हैं, लेकिन भारत की जलवायु और मार्केट डिमांड को देखते हुए ‘महोगनी’ (Mahogany) का पेड़ इस समय सबसे तगड़ा रिटर्न देने वाले विकल्पों में से एक बनकर उभरा है.
लकड़ी नहीं, यह है ‘हरा सोना’
महोगनी का पेड़ अपनी बेशकीमती लाल-भूरे रंग की लकड़ी के लिए जाना जाता है. इसकी लकड़ी बेहद मजबूत, चमकदार और पानी से खराब न होने वाली होती है. यही वजह है कि जहाज निर्माण, वाद्य यंत्र (जैसे गिटार और पियानो) और प्रीमियम फर्नीचर बनाने में इसका सबसे ज्यादा उपयोग होता है. इसकी अंतरराष्ट्रीय मांग इतनी अधिक है कि इसे ‘किंग ऑफ वुड्स’ भी कहा जाता है.
एक पेड़ से कितना मुनाफा?
एक एकड़ जमीन में महोगनी के करीब 400 से 500 पेड़ लगाए जा सकते हैं. 12 से 15 साल के भीतर एक पेड़ पूरी तरह तैयार हो जाता है. वर्तमान बाजार भाव के अनुसार, एक परिपक्व पेड़ की लकड़ी 40 हजार से 50 हजार रुपये तक में आसानी से बिक जाती है. यदि आपने 500 पेड़ लगाए हैं, तो 15 साल बाद आपकी कुल कमाई 2 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है. यह किसी भी फिक्स्ड डिपॉजिट या इंश्योरेंस प्लान से कई गुना ज्यादा रिटर्न है.
लकड़ी ही नहीं, बीज और पत्तियों से भी आय
महोगनी के पेड़ की खासियत यह है कि इसका केवल तना ही नहीं, बल्कि हर हिस्सा कीमती है. इसके बीजों का उपयोग औषधियां बनाने में किया जाता है, जो मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की दवाओं में काम आते हैं. इसके अलावा, इसकी पत्तियों का इस्तेमाल जैविक कीटनाशक बनाने में होता है. यानी लकड़ी कटने से पहले ही आप इसके बीजों को बेचकर हर साल अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं.
महोगनी लगाने के फायदे
- कम देखभाल: महोगनी के पेड़ को बहुत ज्यादा पानी या खाद की जरूरत नहीं होती और इसमें बीमारियां भी कम लगती हैं.
- सुरक्षित निवेश: शेयर बाजार की तरह इसमें उतार-चढ़ाव का डर नहीं है, समय के साथ लकड़ी की कीमत बढ़ना तय है.
- इंटरक्रॉपिंग: शुरुआत के 5-6 सालों तक आप पेड़ों के बीच की खाली जगह में दालें, सब्जियां या औषधीय पौधे लगाकर नियमित आय प्राप्त कर सकते हैं.
- जलवायु अनुकूल: भारत के अधिकांश हिस्सों की मिट्टी और मौसम इस पेड़ की खेती के लिए उपयुक्त हैं.
- पर्यावरण सुरक्षा: यह पेड़ कार्बन सोखने में माहिर है, जिससे आपकी जमीन की उर्वरता और पर्यावरण दोनों बेहतर होते हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें


