Last Updated:
संयुक्त राष्ट्र चीफ ने अमेरिका और इजरायल को सीधा और कड़ा मैसेज दिया है. गुटेरेस ने कहा, ‘अब युद्ध खत्म करने का सही समय आ गया है’. आम नागरिकों की मौतें लगातार बढ़ रही हैं. मानवीय त्रासदी अपने चरम पर है. इस जंग का ग्लोबल और आर्थिक प्रभाव भी बहुत विनाशकारी होता जा रहा है. दुनिया एक गहरे झटके की तरफ बढ़ रही है.
मिडिल-ईस्ट संघर्ष का असर अब पूरी दुनिया पर देखने को मिल रहा है. (रॉयटर्स)
नई दिल्ली. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मध्य पूर्व में जारी संघर्ष को लेकर गंभीर चेतावनी देते हुए कहा है कि यह युद्ध अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है. उन्होंने आगाह किया कि यह टकराव एक अनियंत्रित ‘चेन रिएक्शन’ का रूप ले चुका है, जो क्षेत्रीय सीमाओं से बाहर निकलकर वैश्विक संकट का कारण बन सकता है. गुटेरेस ने बढ़ती मानवीय त्रासदी, आम नागरिकों की मौतें और संभावित आर्थिक झटकों के बीच अमेरिका, इजरायल और ईरान समेत सभी पक्षों से तत्काल युद्ध विराम और शांति प्रयासों को सफल बनाने की अपील की है.
पत्रकारों से बात करते हुए संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि इस लड़ाई से एक ऐसी ‘चेन रिएक्शन’ (प्रतिक्रियाओं की शृंखला) शुरू होने का खतरा है, जिसे कोई भी नियंत्रित नहीं कर पाएगा. तीन हफ्तों से ज्यादा समय बीत जाने के बाद, अब यह युद्ध नियंत्रण से बाहर हो चुका है.
एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि यह संघर्ष उन सीमाओं को भी पार कर गया है, जिनके बारे में नेताओं ने सोचा भी नहीं था. दुनिया अब एक और बड़े युद्ध, मानवीय पीड़ा की बढ़ती लहर और एक गहरे वैश्विक आर्थिक झटके के मुहाने पर खड़ी है. यह स्थिति अब बहुत आगे निकल चुकी है. एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि मैं इस क्षेत्र और दुनिया भर के कई लोगों के साथ लगातार संपर्क में रहा हूं. बातचीत और शांति के लिए कई पहलें चल रही हैं. इन्हें जरूर सफल होना चाहिए.
एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के लिए मेरा संदेश यह है कि अब युद्ध खत्म करने का सही समय आ गया है, क्योंकि मानवीय पीड़ा बढ़ती जा रही है. आम नागरिकों की मौतें बढ़ रही हैं, और इसका वैश्विक आर्थिक प्रभाव भी लगातार विनाशकारी होता जा रहा है.
उन्होंने कहा कि ईरान के लिए मेरा संदेश है कि वह अपने पड़ोसियों पर हमला करना बंद करे. सुरक्षा परिषद ने इन हमलों की निंदा की है और इन्हें खत्म करने की मांग की है. इसने इस बात को फिर से दोहराया है कि होर्मुज स्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर नौवहन के अधिकारों और स्वतंत्रताओं का सम्मान किया जाना चाहिए. इस पूरे क्षेत्र में और इससे भी कहीं आगे, आम नागरिक गंभीर नुकसान झेल रहे हैं और गहरे असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं. उन्होंने कहा कि लेबनान की अपनी हालिया यात्रा के दौरान मैंने इनमें से कुछ परिणामों को अपनी आंखों से देखा. वहां भी युद्ध जरूर रुकना चाहिए.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें


