बजट से पहले इन 6 शेयरों में जमकर खरीदारी कर रहे FII और म्यूचुअल फंड, जानिए नाम
Last Updated:
शेयर बाजार में जब बड़े निवेशक किसी कंपनी में जमकर पैसा लगाते हैं, तो आम आदमी के मन में भी उत्सुकता बढ़ जाती है कि आखिर ऐसा क्या खास है. बजट से ठीक पहले कुछ चुनिंदा शेयरों में म्यूचुअल फंड और विदेशी निवेशकों ने खुलकर खरीदारी की. हालांकि जनवरी महीने में इन शेयरों की चाल ने निवेशकों को सोचने पर मजबूर कर दिया. कहीं मुनाफा मिला तो कहीं निराशा हाथ लगी.
दिसंबर तिमाही के आंकड़ों से पता चलता है कि बजट 2026 से पहले म्यूचुअल फंड और विदेशी निवेशकों ने छह शेयरों में जोरदार खरीदारी की. ये शेयर हैं- एमफासिस (Mphasis Ltd), स्विगी (Swiggy), सैगिलिटी (Sagility), बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank Of Maharashtra), आरबीएल बैंक (RBL Bank) और आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड (Anand Rathi Wealth Ltd). हालांकि जनवरी महीने में इन सभी का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा. तीन शेयरों में तेजी दिखी, जबकि बाकी में गिरावट दर्ज की गई.

Swiggy Ltd के शेयर जनवरी में करीब 17 प्रतिशत टूट गए. इसकी बड़ी वजह तेज डिलीवरी वाले कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा मानी जा रही है. यह शेयर उस कीमत से भी नीचे आ गया है, जिस पर कंपनी ने दिसंबर में नए शेयर बेचकर पैसा जुटाया था. इसके बावजूद म्यूचुअल फंड और विदेशी निवेशकों ने इसमें अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई, जिससे यह संकेत मिलता है कि उन्हें लंबे समय में कंपनी से बेहतर उम्मीद है.

Mphasis Ltd में म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी में अच्छा इजाफा हुआ और विदेशी निवेशकों ने भी थोड़ा निवेश बढ़ाया. कंपनी के पास नए काम के आदेश बढ़े हैं, लेकिन आगे की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि काम कितनी तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा होता है. PL Capital ने इस शेयर पर Buy की सलाह दी है और टारगेट प्राइस 3,480 रुपये बताया है. इसके बावजूद जनवरी में यह शेयर करीब 3 प्रतिशत गिरा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

Anand Rathi Wealth Ltd में भी दोनों निवेशकों ने हिस्सेदारी बढ़ाई, लेकिन कंपनी के हालिया नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे. इसी कारण ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल ने न्यूट्रल रेटिंग दी है. इसका मतलब है कि इस शेयर को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जनवरी में यह शेयर करीब 5 प्रतिशत फिसला.

RBL Bank में निवेशकों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी. सितंबर तिमाही में म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी लगभग 30.6 प्रतिशत थी, जो दिसंबर तिमाही में बढ़कर करीब 34.44 प्रतिशत हो गई. इसी तरह विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी भी लगभग 15.49 प्रतिशत से बढ़कर 21.91 प्रतिशत पहुंच गई. इसके बावजूद जनवरी में इस शेयर में लगभग 6 प्रतिशत की गिरावट आई.

Bank of Maharashtra में भी दोनों तरह के निवेशकों ने अच्छी खरीदारी की. विदेशी निवेशकों ने इसमें अतिरिक्त हिस्सेदारी ली, वहीं म्यूचुअल फंड ने भी अपना हिस्सा बढ़ाया. बैंक का मुनाफा अनुमान से ज्यादा रहा, जिसका कारण ब्याज से होने वाली आमदनी में बढ़ोतरी, सेवा शुल्क से बेहतर कमाई और खर्चों में कमी रही. जनवरी में यह शेयर करीब 5 प्रतिशत चढ़ा है.

Sagility Ltd में भी म्यूचुअल फंड और विदेशी निवेशकों ने हिस्सेदारी बढ़ाई. जनवरी में यह शेयर लगभग 2 प्रतिशत ऊपर रहा, जिससे निवेशकों का भरोसा बना हुआ दिखाई देता है. (Disclaimer: यह खबर आंकड़ों के आधार पर केवल जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशिक की गई है. यदि आप इनमें से किसी भी शेयर में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)


