—Advertisement—

पैदा होते घर में छाई मायूसी, अनाथालय छोड़ गए पिता, दर्द में डूबी रही जिंदगी, फिर एक्ट्रेस ने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

Author Picture
Published On: March 31, 2026

—Advertisement—

नई दिल्ली.  भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं, जो सिर्फ अपनी अदाकारी के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी की गहराइयों के लिए भी याद किए जाते हैं. मीना कुमारी ऐसा ही एक नाम हैं. एक ऐसी अदाकारा, जिनकी आंखों का दर्द उनके हर किरदार में उतर आता था. उन्हें ‘ट्रेजेडी क्वीन’ कहा गया, और यह उपाधि उनके अभिनय के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी की सच्चाई से भी जुड़ी थी.

1 अगस्त 1933 को जन्मीं मीना कुमारी का असली नाम महजबीं बानो था. उनका बचपन किसी परीकथा जैसा नहीं, बल्कि संघर्षों से भरा था. कहा जाता है कि उनके जन्म से उनके पिता खुश नहीं थे. एक्ट्रेस के जन्म लेते ही उनके घर में मायूसी छा गई थी. उनके पिता इतना निराश हो गए थे कि वो मीना कुमारी को अनाथालय छोड़ गए थे.  हालांकि बाद में उन्हें वापस घर लाया गया, लेकिन यह घटना उनके जीवन की शुरुआत में ही एक गहरी छाप छोड़ गई.

छोटी सी उम्र में संभाली घर की जिम्मेदारी

घर की आर्थिक तंगी ने उन्हें बहुत छोटी उम्र में ही काम करने के लिए मजबूर कर दिया. महज चार साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में कदम रखा. जिस उम्र में बच्चे खेलते हैं, उस उम्र में मीना कुमारी कैमरे के सामने थीं. धीरे-धीरे उन्होंने अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और अपने भीतर एक ऐसी संवेदनशीलता विकसित की, जो आगे चलकर उनके अभिनय की सबसे बड़ी ताकत बनी.

मीना कुमारी कैसे बनीं ‘ट्रेजेडी क्वीन’?

उनका फिल्मी सफर शानदार रहा. ‘बैजू बावरा’, ‘परिणीता’, ‘साहिब बीबी और गुलाम’ और ‘पाकीजा’ जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जो दर्द, त्याग और भावनाओं से भरे थे. उनकी आंखों की उदासी और संवादों की गहराई सीधे दर्शकों के दिल तक पहुंचती थी. यही कारण था कि लोग उन्हें ‘ट्रेजेडी क्वीन’ कहने लगे, लेकिन उनकी असल जिंदगी भी किसी फिल्म से कम नहीं थी.

कमाल अमरोही संग दर्दभरा रहा रिश्ता

मीना कुमारी को फिल्ममेकर कमाल अमरोही से प्यार हुआ और दोनों ने शादी कर ली. शुरुआत में यह रिश्ता खूबसूरत था, लेकिन समय के साथ इसमें दरारें आने लगीं. दोनों के बीच दूरियां बढ़ीं और अंत में उनका रिश्ता टूट गया. कमाल अमरोही से रिश्ता टूटने से पहले उन्हें इस शादी में काफी कुछ सहना पड़ा था. कहा जाता है कि फिल्ममेकर एक्ट्रेस के साथ मारपीट करते थे. वो इस रिश्ते से बुरी तरह टूट गई थीं.

शराब की लत में डूब गई थीं मीना कुमारी

अकेलापन और भावनात्मक तनाव धीरे-धीरे उन्हें शराब की ओर ले गया. यह आदत उनके स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हुई. कहा जाता है कि वह गहरे अवसाद से भी जूझ रही थीं. उनके पास शोहरत, पैसा और पहचान सब कुछ था, लेकिन सुकून की कमी हमेशा बनी रही. उनके जीवन का यह दर्द उनके अभिनय में साफ झलकता था, जैसे वह हर किरदार में अपनी ही कहानी जी रही हों.

39 साल की उम्र में तोड़ा था दम

टूटी शादी का दर्द और बोझ झेल रहीं मीना कुमारी शराब के नशे में डूबती चली गईं. एक्ट्रेस अपना गम भुलाने के लिए शराब में सहारा ढूंढ़ती रहीं और इसी शराब की लत ने उनकी जान ले ली. 31 मार्च 1972 को, महज 39 साल की उम्र में, मीना कुमारी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. उनकी मौत लीवर सिरोसिस के कारण हुई, जिसने पूरे फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया.

Related News
Home
Facebook
Telegram
X