—Advertisement—

‘धुरंधर 2’ की दहाड़ से थर्राया बॉक्स ऑफिस, ‘आरआरआर’ पर मंडराया खतरा, 10वें दिन झमाझम हुई नोटों की बारिश

Author Picture
Published On: March 29, 2026

—Advertisement—

नई दिल्ली. आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर एकतरफा राज कर रही है. फिल्म का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है और 10वें दिन भी इसकी रफ्तार में कोई कमी नहीं दिखी. दूसरे शनिवार को फिल्म की कमाई में एक बड़ा उछाल आया, जिससे अब यह एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म आरआरआर के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गई है. कमाल की बात है कि 9वें दिन ही रणवीर सिंह की फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. चलिए बताते हैं कि 10वें दिन धुरंधर ने भारत में कितना बिजनेस किया है.

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 41.75 करोड़ रुपये बटोरे थे, वहीं दूसरे शनिवार को फिल्म ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए 62.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया इसी के साथ ही धुरंधर 2 फिल्म की कुल घरेलू कमाई अब 778.77 करोड़ रुपये हो गई है. अब ‘धुरंधर 2’ भारत में ‘आरआरआर’ के लाइफटाइम कलेक्शन (782.20 करोड़) को पीछे छोड़ने से बस एक कदम दूर है.

‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयार में स्पाई थ्रिलर फिल्म

‘धुरंधर 2’ अब अपनी ही पिछली फिल्म धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन (840.20 करोड़ रुपये) को मात देने की ओर तेजी से बढ़ रही है. जिस रफ्तार से यह कमाई कर रही है, उसे देखकर लग रहा है कि इस वीकेंड के खत्म होने तक यह 840 करोड़ का आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड बना देगी.

अभी इन फिल्मों से पीछे है धुरंधर 2 फिल्म

फिलहाल धुरंधर भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो चुकी है. अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इससे आगे सिर्फ आरआरआर, ‘धुरंधर’, ‘केजीएफ: चैप्टर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्में ही बची हैं. इसने ‘जवान’, ‘पठान’, ‘स्त्री 2’, ‘छावा’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों की कुल कमाई को पहले ही पीछे छोड़ दिया है. सिर्फ भारत ही नहीं, दुनियाभर में इस फिल्म का डंका बज रहा है और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1100 करोड़ रुपये के पार जा चुका है.

आदित्य धर ने किया ‘धुरंधर 2’ का डायरेक्शन

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस जबरदस्त स्पाई एक्शन थ्रिलर में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे सितारों ने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है. फिल्म की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी इलाके पर आधारित है, जहां रणवीर सिंह का किरदार जसकीरत सिंह रंगी जासूस हमजा अली मजारी बनकर अंडरवर्ल्ड और आतंक के जाल को खत्म करने के खतरनाक मिशन पर निकलता है.

लोगों की जुबान पर चढ़ा ‘धुरंधर 2’ का म्यूजिक

बताते चलें कि धुरंधर 2 फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसका संगीत भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है. शाश्वत सचदेव का तैयार किया गया म्यूजिक चार्टबस्टर साबित हुआ है और फिल्म की कामयाबी में बड़ी भूमिका निभा रहा है. पिछली मूवी धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी जिसने दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था.

Related News
Home
Facebook
Telegram
X