Last Updated:
Kanpur News: फिल्म धुरंधर-2 ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया. फिल्म में इंडियन आइडल सीजन-14 के विजेता वैभव गुप्ता ने “मन अटकेया बेपरवाह दे नाल…” गाना गाया. उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि उनका करियर कैसा रहा और फिल्म में उन्हें इस फिल्म में गाने का कैसे मौका मिला.
कानपुर: कानपुर शहर के गूबा गार्डन निवासी और इंडियन आइडल सीजन-14 के विजेता वैभव गुप्ता इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं. फिल्म धुरंधर-2 में उनका गाया गाना “मन अटकेया बेपरवाह दे नाल…” लोगों को खूब पसंद आ रहा है और इसी के साथ उन्होंने बॉलीवुड में अपनी मजबूत एंट्री दर्ज करा दी है. लोकल 18 से खास बातचीत में वैभव ने अपने संघर्ष से लेकर इस बड़े मौके तक की पूरी कहानी बेहद आसान शब्दों में साझा की.
उन्होंने बताया कि यहां तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब 6 से 7 साल तक लगातार मेहनत करनी पड़ी. इस दौरान उन्होंने कई रिएलिटी शोज में ऑडिशन दिए, लेकिन हर बार रिजेक्शन ही मिला. वैभव कहते हैं, “पहले थोड़ा बुरा लगता था, लेकिन धीरे-धीरे समझ आया कि यही चीज मुझे और बेहतर बना रही है. आज जो भी हूं, उसी संघर्ष की वजह से हूं.”
अचानक आया कॉल और खुल गया बड़ा मौका
वैभव ने बताया कि धुरंधर-2 में गाना मिलने की कहानी भी काफी दिलचस्प है. एक बार वह अपने दोस्त के साथ फिल्म धुरंधर देख रहे थे, तभी दोस्त ने कहा कि अगर इस फिल्म में तुम्हारा गाना होता तो और अच्छा लगता. कुछ समय बाद अचानक फिल्म की टीम से कॉल आया और उन्हें तुरंत स्टूडियो बुलाया गया. वह बिना समय गंवाए वहां पहुंचे और उसी रात गाने की रिकॉर्डिंग शुरू हो गई. वैभव के लिए यह पल किसी सपने के सच होने जैसा था.
कानपुर का प्यार बना ताकत
वैभव गुप्ता मानते हैं कि उनकी सफलता के पीछे कानपुर के लोगों का सबसे बड़ा योगदान है. इंडियन आइडल के दौरान उन्हें शहर से जबरदस्त समर्थन मिला, जिसने उन्हें जीत तक पहुंचाया. वह कहते हैं कि कानपुर के लोग बेहद सहयोगी और खुशमिजाज होते हैं. अगर कोई मदद मांगे, तो वह दिल से साथ देते हैं. यही वजह है कि मुंबई में भी कानपुर की पहचान उसके टैलेंट से होती है.
युवाओं को सलाह और आगे की प्लानिंग
युवाओं को संदेश देते हुए वैभव ने कहा कि अगर आप गायकी में करियर बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ मेहनत पर ध्यान दें. ज्यादा उम्मीदें रखने के बजाय अपने काम को बेहतर बनाते रहें. उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही गायक सुखविंदर सिंह को सुनते आए हैं और उनसे काफी प्रेरणा मिली है. वैभव ने आगे की योजनाओं को लेकर बताया कि आने वाले समय में वह कई और बॉलीवुड फिल्मों में अपनी आवाज देंगे. इसके साथ ही उनका एक म्यूजिक एल्बम भी जल्द रिलीज होने वाला है, जिस पर काम तेजी से चल रहा है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


