Last Updated:
Reena Roy iconic thriller Film : बॉलीवुड में चंद फिल्में ही ऐसी हैं जिन्हें हर जनरेशन ने पसंद किया. 50 साल पहले ऐसी ही एक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. डायरेक्टर ने जीतेंद्र से सिर्फ 10 दिन देने की गुजारिश की. जीतेंद्र मान गए. इस फिल्म ने बॉलीवुड में स्ट्रगल कर रही एक एक्ट्रेस की किस्मत बदल दी. रेखा को जरूर इस फिल्म को करके पछतावा हुआ. मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसे छापे. यह उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी. इस फिल्म की एक और खासियत यह थी कि इसमें 5 हीरो विलेन बने थे. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…….
राज कुमार कोहली बॉलीवुड के ऐसे डायरेक्टर-प्रोड्यूसर थे जिन्होंने अपने करियर में ज्यादातर मल्टी स्टारर फिल्में बनाईं. 1976 में उन्होंने एक ऐसी फिल्म बनाई जो बॉलीवुड इंडस्ट्री में मील का पत्थर साबित हुई. 50 साल बाद भी इस फिल्म का क्रेज कम नहीं हुआ है. फिल्म में 5 हीरो विलेन के किरदार में थे. यह उस दौर में अनोखा प्रयोग था लेकिन सफल रहा. यह फिल्म थी नागिन. इस फिल्म ने एक्ट्रेस रीना रॉय को रातोंरात स्टार बना दिया. इस मूवी से प्रेरित होकर बॉलीवुड में कई फिल्में और सीरियल बने. आइये जानते हैं इस फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प फैक्ट्स……

साल था 1976. जनवरी का महीना था. कड़ाके की ठंड के बीच 19 जनवरी को सिनेमाघरों में नागिन फिल्म रिलीज हुई. यह एक हॉरर फैंटेसी थ्रिलर फिल्म है जिसका डायरेक्शन-प्रोडक्शन राज कुमार कोहली ने किया था. यह एक मल्टी स्टारर फिल्म थी. कहानी राजेंद्र सिंह ने, स्क्रीनप्ले जग्गीराम पॉल और चरणदास शोख ने लिखा था. फिल्म 1963 में प्रकाशित फ्रेंच उपन्यास ‘द ब्राइड वोर ब्लैक (The Bride Wore Black) से इंस्पायर्ड थी. बस कहानी को भारतीय पृष्ठभूमि में दिखाया गया था.

द ब्राइड वोर ब्लैक में एक महिला की कहानी थी जिसके पति का कत्ल पांच लोगों ने किया था. महिला उन सबको चुन-चुनकर मारती है. नागिन फिल्म का कोर आइडिया भी यही था. नागिन फिल्म हिंदी सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित हुई. इस फिल्म से मिलती-जुलती कई तरह कहानियों पर मूवी बनाई गईं. इनमें से नगीना, निगाहें, नाचे नागिन गली-गली, तुम मेरे हो, शेषनाग, नागमणि और जानी-दुश्मन जैसी फिल्में शामिल हैं. इसमें से ‘नागिन’ और श्री देवी-ऋषि कपूर की ‘नगीना’ को ही पॉप्युलैरिटी मिली. दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सक्सेस रहीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नागिन फिल्म में सुनील दत्त, अनिल धवन, योगिता बाली, रीना रॉय, जीतेंद्र, फिरोज खान, संजय खान, रेखा, मुमताज और कबीर बेदी जैसे सितारे नजर आए थे. बताया जाता है कि जीतेंद्र को पहले अनिल धवन वाला रोल ऑफर हुआ था लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था. फिर कोहली ने उन्हें नाग वाला रोल दिया और सिर्फ 10 दिन मांगे. जीतेंद्र ने ऑफर स्वीकार कर लिया. जीतेंद्र सबके सामने खुलकर कहा करते थे कि मेरा रोल एवरेज है. उन्होंने सिर्फ राजकुमार कोहली से दोस्ती के चलते भूमिका स्वीकार की है.

नागिन फिल्म का सुरीला म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. फिल्म के दो गाने ‘तेरे संग प्यार में नहीं तोड़ना’ और ‘तेरे इश्क का मुझपे हुआ ये असर है..’ बहुत ज्यादा पसंद किए गए. ‘तेरे संग प्यार में नहीं तोड़ना’ के तीन वर्जन रखे गए. इस फिल्म के गीत-संगीत से जुड़ा सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि हर गाने के बोल ‘तेरा’ या ‘तेरे’ से शुरू होता है. फिल्म का एक और मशहूर गाना ‘तेरे मेरे याराने हो’ था जिसे मुमताज और फिरोज खान पर फिल्माया गया था. इस तरह से नागिन मूवी का हर गाना ‘तेरा’ या ‘तेरे’ शब्द से शुरू होता है. ‘तेरे इश्क का मुझपे हुआ ये असर है..’ गाना मोहम्मद रफी ने गाया था. उन्होंने इस गाने में अपनी आवाज की जादू बिखेरा. यह गाना ऐसे समय आया था जब माना जा रहा था कि रफी साहब का दौर खत्म हो गया है.

नागिन फिल्म का रोल उस समय की सभी बड़ी हीरोइनों ने रिजेक्ट कर दिया था. सायरा बानो से लेकर रेखा-आशा पारेख तक. सभी ने रोल ठुकरा दिया. बताया जाता है कि जीतेंद्र-सुनील दत्त ने प्रोड्यूसर-डायरेक्टर राजकुमार कोहली को रीना रॉय का नाम सुझाया. रीना रॉय ने रोल स्वीकार कर लिया. रीना रॉय ने द कपिल शर्मा शो में खुद इसका खुलासा किया था. हालांकि रीना रॉय की मां ने ऐतराज जताया था और कहा था कि तुम फिल्मों में लोगों को डस रही हो. ऐसी फिल्म क्यों कर रही हो. रीना रॉय ने जवाब देते हुए कहा था कि मुझे कैरेक्टर अच्छा लगा है. मैं यह फिल्म जरूर करूंगी.

नागिन फिल्म रीना रॉय के करियर के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई. यह उनके करियर की पहली बड़ी हिट फिल्म थी. नागिन की सफलता के बाद राजकुमार कोहली इतने खुश हुए कि उन्होंने रीना रॉय को अपनी चार और फिल्मों में काम दिया. ये फिल्में थीं : जानी-दुश्मन, बदले की आग, नौकर बीवी का और राज तिलक. वैसे एक्टर अरमान कोहली के पिता राजकुमार कोहली की तीसरी फिल्म थी. इससे पहले उन्होंने 1972 में गोरा और काला, 1973 में कहानी हम सबकी जैसी फिल्में बना चुके थे. आगे चलकर उन्होंने जानी-दुश्मन जैसी एक और मल्टीस्टारर फिल्म बनाई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर बेहद कामयाब रही थी.

नागिन फिल्म करीब 90 लाख रुपये में बनकर तैयार हुई थी. इस मूवी ने वर्ल्डवाइड 7 करोड़ का कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1976 में ‘दस नंबरी’ और ‘लैला मजनू’ के बाद यह तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी.

नागिन की सफलता के बाद राज कुमार कोहली की एक और मल्टी स्टारर फिल्म ‘जानी दुश्मन’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था. यह फिल्म 1979 में रिलीज हुई थी. इसमें भी रीना रॉय, सुनील दत्त, जीतेंद्र लीड रोल में थे. इसके बाद राज कुमार कोहली का जादू फीका पड़ गया. 2002 में उन्होंने अपने बेटे अरमान कोहली को रीलॉन्च करने के लिए ‘नागिन’ फिल्म का रीमेक बनाया. फिल्म का नाम रखा : जानी दुश्मन एक अनोखी कहानी. स्क्रीनप्ले और डायरेक्शन बहुत ही खराब था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी.


