Last Updated:
बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान की मां परवीन खान का 8 अप्रैल को मुंबई में 65 साल की उम्र में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार थीं और ऑर्गन फेलियर की वजह से अंतिम सांस ली. जरीन खान अपनी मां के बेहद करीब थीं और लगातार सोशल मीडिया के जरिए फैंस से उनकी सेहत के लिए दुआ करने की अपील करती रहती थीं. उन्होंने हाल में अपनी मां की गंभीर हालत के चलते अपना जन्मदिन भी नहीं मनाया था. जरीन खान की टीम ने बयान जारी करके दुखद खबर साझा की. फिलहाल, एक्ट्रेस इस गहरे दुख से गुजर रही हैं.
जरीन खान के घर पसरा मातम.
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां परवीन खान का 8 अप्रैल को मुंबई में 65 साल की उम्र में निधन हो गया. जरीन की टीम ने एक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि वे काफी समय से बीमार चल रही थीं और अंत में शरीर के कई अंगों के काम करना बंद कर देने की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया. जरीन अपनी मां के बेहद करीब थीं और उनकी देखभाल के लिए वे अक्सर फिल्मों से दूरी बना लेती थीं. इस खबर के सामने आने के बाद से ही बॉलीवुड गलियारों और सोशल मीडिया पर जरीन खान के फैंस और दोस्त उनके लिए संवेदनाएं जता रहे हैं.
बर्थडे पर इमोशनल थीं जरीन खान
जरीन खान अपनी मां की सेहत को लेकर काफी समय से परेशान थीं और अक्सर सोशल मीडिया के जरिए फैंस से दुआओं की अपील करती रहती थीं. पिछले महीने ही उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर थोड़ी राहत जताई थी कि उनकी मां को आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है, हालांकि वे तब भी अस्पताल में ही भर्ती थीं. जरीन ने हाथ जोड़कर फैंस से कहा था कि उनकी मां को दुआओं की बहुत जरूरत है. हाल में रमजान के दौरान अपने इस्लामिक बर्थडे पर भी जरीन काफी इमोशनल नजर आई थीं. उन्होंने बताया था कि उन्हें अपना जन्मदिन मनाना बहुत पसंद है और उन्होंने काफी कुछ प्लान भी किया था, लेकिन मां की गंभीर हालत को देखते हुए उन्होंने कोई जश्न नहीं मनाया और सिर्फ फैंस से मां की सलामती का ‘तोहफा’ मांगा था.
अक्टूबर से बीमार थीं जरीन की मां
जरीन खान का अपनी मां के साथ रिश्ता एक मिसाल की तरह था, उन्होंने हर मोड़ पर अपनी मां का साथ दिया. पिछले साल अक्टूबर से ही उनकी मां की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, कई बार उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली लेकिन संक्रमण और कमजोरी की वजह से उन्हें बार-बार भर्ती करना पड़ता था. जरीन ने अपनी मां के निधन पर फिलहाल कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है, जिससे समझा जा सकता है कि वे इस वक्त कितने गहरे सदमे में हैं. परवीन खान अपने पीछे जरीन और उनकी बहन सना खान को छोड़ गई हैं. उनकी टीम द्वारा जारी बयान में अंतिम संस्कार की जानकारी भी साझा की गई है, ताकि करीबी लोग उन्हें आखिरी विदाई दे सकें.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें


