—Advertisement—

,

ग्राम धूमा में सड़क निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, अनियमितता का आरोप

Author Picture
By Prem ChandWriter
Published On: May 30, 2026

—Advertisement—


विंढमगंज/सोनभद्र। ग्राम धूमा में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क वर्ष 2024 में ही बनाई गई थी, लेकिन अब दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। इसके बावजूद सड़क की पटरी और किनारों की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीण महेंद्र पाल, अमित पाल तथा अन्य लोगों ने बताया कि सड़क की कई पटरी बरसात के दौरान कट चुकी हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में वाहनों का आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की पटरी का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर किसी संभावित दुर्घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य ग्राम जोरू खाद पेटी निवासी ठेकेदार धर्मेंद्र कुमार यादव द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना मानक के कराया जा रहा है तथा सड़क पर पर्याप्त तारकोल का उपयोग नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क की ठीक प्रकार से सफाई किए बिना ही उस पर निर्माण सामग्री डालकर लीपापोती की जा रही है, जिससे सड़क एक ही बरसात में खराब हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है और शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों में इस मामले को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समझाकर अधूरा और घटिया कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Prem Chand
Writer

"क्षेत्रीय संवाददाता – प्रेम चंद 📍 विण्ढमगंज, तहसील दुद्धी | जनपद सोनभद्र (उ.प्र.)" (1) रघुवंशी वाइसहब – प्रिंट मीडिया (2) डिजिटल भारत न्यूज़ – डिजिटल मीडिया… Read More

Related News
Home
Facebook
Telegram
X