कनहर नदी में जलस्तर बढ़ा, बांध के तीन गेट खोलकर छोड़ा जा रहा पानी |

0

कनहर नदी में जलस्तर बढ़ा, बांध के तीन गेट खोलकर छोड़ा जा रहा पानी |

निचले इलाकों में अलर्ट, रहवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील ||

दुद्धी, सोनभद्र।

बहुप्रतीक्षित कनहर सिंचाई परियोजना में इन दिनों जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार सुबह कनहर नदी का जलस्तर 257.400 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जिसके बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से परियोजना प्रबंधन द्वारा बांध के तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा गया।

गौरतलब है कि 1 जुलाई को जलस्तर 254.200 मीटर था, जबकि 20 जून को यह महज 252.400 मीटर दर्ज किया गया था। सावन माह में हो रही रुक-रुक कर बारिश से जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अवर अभियंता डी.के. कौशिक ने बताया कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हो रही बारिश का असर कनहर नदी के जलस्तर पर पड़ रहा है, जिससे नदी में उफान देखा जा रहा है।

बांध के तीन फाटक खोलकर पानी छोड़ा गया है और लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है। परियोजना के द्वितीय चरण में 260 मीटर जल संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित है। इस बीच डूब क्षेत्र के ग्रामीणों को खाली कराया जा चुका है और शेष बचे लोगों को चेतावनी जारी कर दी गई है।

प्रशासन ने कनहर नदी के किनारे और निचले क्षेत्रों में बसे लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है, क्योंकि जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रशासन व परियोजना विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

 

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here